ब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ

यूपी में हो रही अतिवर्षा को लेकर सीएम योगी सख्त, अफसरों को फील्ड पर उतरने के निर्देश, 24 घंटे में मुआवजे का आदेश

यूपी में हो रही अतिवर्षा को लेकर सीएम योगी सख्त, अफसरों को फील्ड पर उतरने के निर्देश, 24 घंटे में मुआवजे का आदेश

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही अतिवर्षा और आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को हाईलेवल समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अति बारिश से होने वाली जनहानि, पशु हानि और आर्थिक हानि का संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।

सीएम के 6 बड़े निर्देश

1. सभी वरिष्ठ अधिकारी फील्ड पर निकलें – सीएम ने सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसडीएम और तहसील स्तर के अधिकारियों को कार्यालय छोड़कर फील्ड में जाने का आदेश दिया है। प्रभावित इलाकों का खुद निरीक्षण करने और लोगों से सीधा संवाद करने को कहा है।

2. 24 घंटे में मुआवजा – अति वर्षा, आकाशीय बिजली, बाढ़ और जलभराव से हुई जनहानि, पशु हानि और मकान क्षति का आंकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं। दैवीय आपदा राहत के तहत अनुमन्य सहायता राशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

3. जलभराव से न हो समस्या – नगर निगम, नगर पालिका और पंचायतों को नालों की सफाई, पंपिंग सेट सक्रिय रखने और जल निकासी सुनिश्चित करने को कहा है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया जाए और नावों की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

4. स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग अलर्ट पर – जलजनित बीमारियों को रोकने के लिए दवाओं का छिड़काव, पीने के पानी की व्यवस्था और पशुओं के लिए चारे-पानी की व्यवस्था के निर्देश।

5. बिजली विभाग को चेतावनी – जर्जर तारों और ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत कराने और जलभराव वाले इलाकों में बिजली आपूर्ति सुरक्षित रखने को कहा है।

6. लोगों से अपील – सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। खुले खेतों, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। अतिवृष्टि के समय नदियों और जलाशयों में स्नान करते हुए विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को अकेले न जाने दें।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी जिलों को राहत कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने और हर घंटे की रिपोर्ट शासन को भेजने के भी निर्देश दिए हैं।