देशलखनऊ

यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई, AQIS से जुड़े 19 वर्षीय युवक को आजमगढ़ से गिरफ्तार

यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई, AQIS से जुड़े 19 वर्षीय युवक को आजमगढ़ से गिरफ्तार
  • सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का आरोप, कई ऑनलाइन ग्रुप और आपत्तिजनक सामग्री की जांच

डिजिटल डेस्क, लखनऊ/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकवादी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ से 19 वर्षीय मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी ग्राम चितारा, महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। एटीएस के मुताबिक, नबील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से युवाओं को कथित तौर पर आतंकी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।

व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर युवाओं को जोड़ने का आरोप

एटीएस के अनुसार, नबील ने व्हाट्सऐप पर ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से एक ग्रुप बनाया था। जांच एजेंसी का दावा है कि इस ग्रुप के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश की जा रही थी। ग्रुप में बातचीत के दौरान कुछ शब्दों के लिए कोडवर्ड इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।

आतंकी विचारधारा से जुड़ी किताबें साझा करने का दावा

जांच में एटीएस को कथित तौर पर आतंकी विचारधारा से जुड़ी पुस्तकों और सामग्री के प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली है। एजेंसी के मुताबिक, नबील ने ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ और ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ जैसी किताबें ऑनलाइन ग्रुप में साझा की थीं और सदस्यों को इन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित किया था।

विदेशी लोगों से जुड़े ग्रुप की भी जांच

एटीएस के मुताबिक, आरोपी ‘Flames of War’ नाम के एक अन्य व्हाट्सऐप ग्रुप से भी जुड़ा था। एजेंसी का दावा है कि इस ग्रुप में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत अलग-अलग देशों के लोग जुड़े हुए थे। इन ग्रुप में साझा की जा रही सामग्री और आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है।

विदेश में प्रशिक्षण की योजना का आरोप

एटीएस के अनुसार, नबील कथित तौर पर अपने संपर्क में आए लोगों को दूसरे देशों में जाकर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित कर रहा था। जांच एजेंसी ने पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में प्रशिक्षण की कथित योजना का भी खुलासा होने का दावा किया है। आरोपी के ऑनलाइन संपर्कों और हिंसक गतिविधियों से संबंधित सामग्री की भी जांच की जा रही है।

गजवा-ए-हिंद की कथित साजिश की जांच

एटीएस का आरोप है कि नबील अपने साथियों के साथ मिलकर भारत में हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने और ‘गजवा-ए-हिंद’ की कथित योजना पर काम कर रहा था। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क और उसकी गतिविधियों से जुड़े दावों की जांच अभी जारी है।

आरोपी के खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएस ने नबील को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसी उसके मोबाइल, ऑनलाइन गतिविधियों, संपर्कों और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।