डिजिटल डेस्क, शामली : गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की मांग के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मानने वाली एक महिला को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान की तेरहवीं के दौरान लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद एक महिला ने मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को फोन कर कथित तौर पर धमकी दी। शिकायत मिलने पर शामली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान धमकी देने वाली महिला की पहचान बिहार के बक्सर निवासी बिंदु देवी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे जयपुर के विजयनगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, महिला जयपुर में रहकर मॉल आदि में बाउंसर का काम करती थी। उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिससे कथित तौर पर धमकी दी गई थी।
आठ साल से लॉरेंस को पति मानने का दावा
पूछताछ में महिला ने पुलिस के सामने दावा किया कि वह पिछले करीब आठ साल से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मानती है। हालांकि, उसके मुताबिक वह आज तक लॉरेंस से कभी मिली नहीं है।
महिला ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो में लॉरेंस बिश्नोई के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं। इसी से नाराज होकर उसने मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज को धमकी दी।
‘अपराध किया है तो सजा दें, गलत बातें न कहें’
प्रेसवार्ता के दौरान महिला बार-बार यही कहती नजर आई कि अगर लॉरेंस बिश्नोई ने कोई अपराध किया है तो पुलिस उसे सजा दे, लेकिन उसके बारे में गलत बातें नहीं कही जानी चाहिए।
फिलहाल शामली पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस धमकी देने के पीछे उसके वास्तविक मकसद की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला का किसी आपराधिक गिरोह या उसके सदस्यों से कोई सीधा संपर्क है या नहीं।

