देशकानपुर

लखनऊ से कानपुर का सफर हुआ महंगा,जाजमऊ पुल 90 दिनों के लिए बंद,बसों का किराया बढ़ा

लखनऊ से कानपुर का सफर हुआ महंगा,जाजमऊ पुल 90 दिनों के लिए बंद,बसों का किराया बढ़ा

डिजिटल डेस्क , कानपुर : जाजमऊ स्थित पुराने गंगा पुल के सफल डायवर्जन के बाद अब इस पुल को करीब 90 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, हालांकि फिलहाल छोटे वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जा रही है। कानपुर से लखनऊ और लखनऊ से कानपुर आने-जाने वाली बसों का किराया बढ़ा दिया गया है। डायवर्जन की व्यवस्था 13 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी।

कानपुर पुराने जाजमऊ गंगा पुल को मरम्मत और बेयरिंग बदलने के लिए 90 दिन के लिए बंद कर दिया गया है । अब लखनऊ से कानपुर आने वाली बसें उन्नाव बाईपास से सीधे जाजमऊ की ओर न जाकर मरहला चौराहा से सरैंया क्रॉसिंग और फिर गंगा बैराज के रास्ते से झकरकटी बस स्टैंड पहुंचेंगी। ऐसे में बसों के रूट में 15 किलोमीटर का इजाफा हुआ है। जिसके चलते अब लखनऊ से कानपुर का किराया 145 रुपये कर दिया गया है, जो अभी तक 123 रुपये था। पुल पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पाड़ बांधने का काम आरंभ कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही पुल के ऊपरी हिस्से में काम शुरू होगा, छोटे वाहनों के आवागमन के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी।

किराये में 22 रुपये की बढ़ोतरी

पुल बंद होने से सबसे ज्यादा असर लखनऊ से कानपुर आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों पर पड़ेगा। उन्हें अब करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना होगा। इसी बढ़ी हुई दूरी को देखते हुए यूपी रोडवेज ने बसों के किराये में 22 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। यानी यात्रियों को लगभग 60 किलोमीटर ज्यादा सफर करना पड़ेगा.

पुल की मरम्मत के चलते बदला रूट

अधिकारियों का कहना है कि पुल के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही छोटे वाहनों को सिंगल लाइन में निकालने की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।