- अधिवक्ताओं के विरोध के बाद युवक को छोड़कर लौटी पुलिस टीम, बिना नंबर प्लेट वाहन से पहुंचने पर उठे सवाल
सत्येन्द्र द्विवेदी, संवाददाता, कानपुर देहात : अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मातीकोर्ट गेट नंबर-1 पर बुधवार को SOG और सर्विलांस टीम की कार्रवाई को लेकर हंगामा हो गया। सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया तो युवक ने मदद के लिए गुहार लगाई। आवाज सुनकर मौके पर अधिवक्ता पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
बताया गया कि SOG और सर्विलांस टीम एक वाहन से मातीकोर्ट पहुंची थी। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं होने और पुलिसकर्मियों के सिविल ड्रेस में होने से मौके पर मौजूद लोगों को उनकी पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। टीम द्वारा युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसने खुद को बचाने की गुहार लगाई।
युवक की गुहार सुनकर कई अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से युवक को हिरासत में लेने का कारण और टीम की पहचान के संबंध में जानकारी मांगी। इसी बात को लेकर अधिवक्ताओं और SOG-सर्विलांस टीम के बीच नोकझोंक हो गई।
अधिवक्ताओं का कहना था कि पुलिस टीम को कार्रवाई के दौरान अपनी पहचान स्पष्ट करनी चाहिए थी। बिना नंबर प्लेट के वाहन और सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से मौके पर भ्रम की स्थिति बनी। विरोध बढ़ता देख पुलिस टीम ने हिरासत में लिए गए युवक को छोड़ दिया और वहां से लौट गई।
घटना के बाद मातीकोर्ट गेट नंबर-1 पर काफी देर तक मामले को लेकर चर्चा होती रही। पुलिस की ओर से युवक को हिरासत में लेने के कारण और टीम की कार्रवाई के संबंध में फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

