डिजिटल डेस्क, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में पहुंचकर महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम के दौरान करीब डेढ़ लाख दीये जलाए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के पास दीप जलाया। इसके बाद उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं के समक्ष भी दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन अत्यंत हर्ष का दिन है। भारत के प्रधानमंत्री के पावन जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश में सेवा और संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अवसर पर राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया गया था। इसी स्थल पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनके विचारों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को याद किया गया।
उन्होंने कहा कि आज के दिन ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। उत्तर प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।

