कुलगाम :. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लम इलाके में शुक्रवार शाम आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में दो गैर-स्थानीय मजदूर घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल को बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया है।
आतंकियों की तलाश में सेना का ऑपरेशन जारी
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि दोनों पीड़ितों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। फिलहाल मृतक और घायल मजदूर की शिनाख्त के प्रयास जारी है।
मनोज सिन्हा ने घटना की कड़ी निंदा की
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से बात कर आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
