रवि शर्मा, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। यह बैठक भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हाल ही में घोषित नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद पहली औपचारिक बैठक थी। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने नई टीम के साथ संवाद करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के साथ पार्टी के जुड़ाव को बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नए दृष्टिकोणों का अवसर होती हैं, जो पार्टी को मजबूत बनाने और लोगों से जुड़ाव गहरा करने में मदद करती हैं।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम के साथ अलग से बैठक की, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में जमीनी स्तर तक पहुंच बढ़ाने और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 65 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में कई अनुभवी नेताओं के साथ युवा नेतृत्व को भी स्थान मिला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि राम माधव और वसुंधरा राजे सहित कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक के दौरान युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। भाजपा ने हाल ही में ‘जेन-ज़ेड आउटरीच’ और ‘युवा संवाद’ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि युवाओं के साथ सीधा संवाद संगठन को और मजबूत करेगा।
भाजपा मुख्यालय में हुई यह बैठक नई टीम की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। आने वाले महीनों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

