रवि शर्मा, संभल : उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार उर्फ केके बिश्नोई की विदाई समारोह का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाल ही में हुए IPS अधिकारियों के तबादले में केके बिश्नोई को संभल से बिजनौर भेजा गया है। विदाई समारोह के दौरान अपने संबोधन में वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मंच पर मौजूद जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी पिलाकर संभाला, लेकिन कुछ देर बाद डीएम भी भावुक नजर आए।
बता दें कि करीब दो वर्षों तक संभल में तैनात रहे केके बिश्नोई ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कई चर्चित मामलों में कार्रवाई को लेकर अलग पहचान बनाई। विदाई समारोह में उन्होंने अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जिले के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संभल में बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अध्यायों में से एक रहेगा। अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2024 में हुई संभल हिंसा का भी जिक्र किया और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में डटे रहने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की।
https://x.com/ASKNewsIndia/status/2091273978921009405?s=20
उन्होंने कहा कि कठिन समय में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर हालात को संभाला और कानून-व्यवस्था बनाए रखी। समारोह के अंत में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने फूलों से सजी सरकारी गाड़ी के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों के बीच उनके योगदान को याद किया। विदाई के भावुक क्षणों का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किया जा रहा है।

