डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद:
जीटी रोड पर सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर तेज रफ्तार कार चालक ने तीन कर्मचारियों समेत चार लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। घटना पूरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बता दें कि टक्कर लगते ही एक युवक पांच फुट हवा में उछलकर नीचे गिर गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कार चालक पेट्रोल भरवाने आया था, लेकिन उसने डीजल वाले नोजल की तरफ कार लगाई थी। पंप कर्मचारी ने उसे दूसरी तरफ कार लगाने के लिए कहा, लेकिन उसने कार पीछे कर तेजी से पंप कर्मचारी और तीन अन्य लोगों में टक्कर मार दी।
जीटी रोड पर सिविल लाइन पुलिस चौकी के पास नेहरू नगर निवासी राजकुमार चौधरी का चौधरी फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर कर्मचारी मनोज की ड्यूटी थी। इसी दौरान तीन ग्राहक भी उसके पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी पंप परिसर में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार भाटिया मोड़ फ्लाईओवर की तरफ से आई। कार सवार युवक ने पेट्रोल डालने के लिए कहा लेकिन कर्मचारी मनोज ने उससे कहा कि वह डीजल वाले नोजल की बजाय पेट्रोल वाले नोजल की तरफ कार लगाए। इसके बाद कार चालक ने अपनी कार पीछे की और तेजी से पंप कर्मचारी और तीन अन्य लोगों में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही एक युवक हवा में पांच फुट तक उछलकर कार के सामने जाकर गिरा जबकि तीन अन्य कार की चपेट में आ गए। इसके बाद कार चालक मौके पर रूकने की बजाय कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पंप कर्मचारी को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि तीनों अन्य ग्राहकों को मामूली चोट आई हैं। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि कार चालक को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ पंप संचालक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी चालक सूर्या एंक्लेव निवासी दीपू ने बताया कि गलती से उसका पैर ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर दब गया था। इस वजह से हादसा हो गया।

