डिजिटल डेस्क, दिल्ली: जन्माष्टमी के अवसर पर मयूर पंखों के रंगों, फूलों की खुशबू और भक्ति के सुरों से ईस्ट आफ कैलाश स्थित इस्कान मंदिर कृष्णमय होगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उत्सव को लेकर मंदिर में सजावट से लेकर सुरक्षा तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। थाइलैंड और बेंगलुरु से मंगाए गए फूल मंदिर परिसर को सुंदर रंगों और खुशबू से भरेंगे। इस बार उत्सव की सजावट भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय मयूर थीम पर की जाएगी। वहीं वृंदावन से तैयार करवाए गए विशेष वस्त्र और आभूषण भगवान के श्रृंगार की शोभा बढ़ाएंगे। मंदिर खूबसूरत रोशनी से जगमगाएगा। कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस्कान मंदिर इस वर्ष अपने 60वें स्थापना समारोह में प्रवेश कर रहा है ऐसे में चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन होगा। इस्कान के राष्ट्रीय संपर्क निदेशक व्रजेन्द्र नंदन दास ने बताया कि जन्माष्टमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास दिल्ली पुलिस के 500 जवान और 1200 निजी सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। निगरानी के लिए 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा चार दमकल गाड़ियां और आठ एंबुलेंस तैनात रहेंगी। 1008 व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह तीन बजे से पहुंचने लगते हैं और जन्माष्टमी पर करीब 5 हजार भक्त दर्शन करते हैं। भगवान श्री राधा पार्थसारथी के दर्शन के लिए सुबह चार बजे पट खोल दिए जाएगा और 7:30 बजे श्रृंगार दर्शन होगा। रात 9:30 बजे से महाभिषेक प्रारंभ होगा, मध्य रात्रि 12 बजे 1008 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगेगा और 12:30 बजे महाआरती होगी। दर्शन के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आम लोगों को द्वार नंबर एक से प्रवेश मिलेगा।
इस्कान मंदिर में थाइलैंड के फूलों से मयूर थीम पर हो रही सजावट

