डिजिटल डेस्क, कानपुर: बुधवार को BSF कांस्टेबल परीक्षा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब चकेरी के श्याम नगर स्थित परीक्षा केंद्र पर पेपर लीक होने का आरोप लगाया गया। जानकारी फैलते ही परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई। गुस्साए परीक्षार्थियों ने केंद्र के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि मामला चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक सेंटर का बताया जा रहा है। बुधवार को यहां प्रथम पाली में BSF कांस्टेबल परीक्षा आयोजित हो रही थी। इसी दौरान पेपर लीक होने का मामला सामने आया। जानकारी फैलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों में बेचैनी बढ़ गई। देखते ही देखते कई परीक्षार्थी केंद्र के बाहर जमा हो गए और विरोध जताने लगे। पेपर लीक के आरोप से नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित सेंधमारी को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सामने आया।
केंद्र के बाहर स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। परीक्षार्थी पूरे मामले की जांच और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की मांग करते नजर आए। मौके पर पहुंची पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालने के साथ जांच शुरू कर दी। फिलहाल पेपर लीक होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री के साथ किसी तरह की अनियमितता हुई या नहीं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।

