देशहरियाणा

हरियाणा : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 29 IPS समेत 30 अधिकारियों के हुए तबादले

हरियाणा : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 29 IPS समेत 30 अधिकारियों के हुए तबादले

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 29 आईपीएस और एक एचपीएस समेत 30 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। इसके साथ ही संगठित अपराध और अपराध नियंत्रण के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में भी दो आईपीएस अधिकारियों को एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला आदेश के अनुसार, करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणियां को एसटीएफ का एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं आईपीएस सुमित कुमार को भी एसटीएफ में एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसटीएफ में दोनों अधिकारियों की नियुक्ति को अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

सरकार ने आईपीएस करण गोयल को करनाल का नया एसपी बनाया है। इसी तरह दीप्ति गर्ग को पानीपत, मेधा भूषण को पलवल, मयंक मिश्रा को भिवानी और प्रबीना पी को नारनौल का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

कई जिलों में बदलेगा पुलिस नेतृत्व

इन तबादलों से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। करनाल, पानीपत, भिवानी, पलवल और नारनौल जैसे जिलों में नए एसपी की तैनाती के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां ऐसे समय सौंपी गई हैं, जब कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर अंकुश लगाना और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

संदीप खिरवार को सीआरपीएफ में पदोन्नति

तबादला आदेश के साथ आईपीएस संदीप खिरवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में एडीजी पद से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल, सीआरपीएफ बनाया गया है। पुलिस प्रशासन में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति को और प्रभावी बनाने से जोड़कर देखा जा रहा है।