देशगौतम बुद्ध नगर

लखनावली : दो बार सील हुई बिल्डिंग, अंदर चल रहा निर्माण कार्य

लखनावली : दो बार सील हुई बिल्डिंग, अंदर चल रहा निर्माण कार्य

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई के बावजूद लखनावली गांव में अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। खसरा नंबर 190 और 244 में निर्माणाधीन बिल्डिंग को प्राधिकरण की ओर से दो बार सील किया जा चुका है, लेकिन दोनों ही बार सीलिंग संबंधी नोटिस हटाकर बिल्डिंग के अंदर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से प्राधिकरण की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, लखनावली गांव में बिना अनुमति के पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कराया गया है। अवैध निर्माण को लेकर प्राधिकरण की ओर से पहले भी कार्रवाई की गई थी। बिल्डर के खिलाफ अजीमुर रहमान समेत अन्य के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में मामला भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका और सील हटाकर काम जारी रखा गया।

मामले की शिकायत जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से किए जाने के बाद प्राधिकरण की टीम ने दोबारा बिल्डिंग पर सीलिंग की कार्रवाई की। साथ ही नोटिस चस्पा कर 15 जून तक बिल्डिंग खाली करने की चेतावनी दी गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बाद भी बिल्डिंग के अंदर निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ।

शिकायतों के बाद भी नहीं थमा काम

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग पर चस्पा सीलिंग का नोटिस हटाकर दोबारा निर्माण शुरू किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की गई। आरोप है कि शिकायत के बाद जांच के नाम पर खानापूरी की गई, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य अभी भी जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दो बार सीलिंग की कार्रवाई के बाद भी बिल्डर को निर्माण जारी रखने की छूट कैसे मिल रही है।

हादसे के बाद भी नहीं जाग रहे जिम्मेदार

स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध और मानकों के विपरीत निर्माण के कारण पहले भी हादसे सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो भविष्य में यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। संबंधित सर्किल की टीम को भेजकर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।