डिजिटल डेस्क, लखनऊ : राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सराय मालिका चौकी क्षेत्र में अचानक एक बड़ा पेड़ सड़क पर भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि पेड़ गिरते समय सड़क से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से बंद हो गया। पेड़ और उसकी टहनियां सड़क पर फैल जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सराय मालिका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल यातायात को डायवर्ट करना शुरू किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। नगर निगम की टीम को भी सूचना दी गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाया जा सका, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ काफी पुराना था और अंदर से खोखला हो चुका था। हाल ही में हुई बारिश के कारण जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते पेड़ अचानक गिर गया।
पुलिस की सराहना
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और यातायात व्यवस्था फिर से बहाल हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है।

