देशझारखंड

झारखंड : नौकरी के नाम पर 6 करोड़ की ठगी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड : नौकरी के नाम पर 6 करोड़ की ठगी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

डिजीटल डेस्क, झारखंड : सिमडेगा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से सिक्योरिटी मनी लेकर करीब 6 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने करीब 900 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है।

आपको बता दे कि सिमडेगा पुलिस ने जिले के बानो और कुरडेग थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सिक्योरिटी मनी के रूप में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी वीकेएस फाउंडेशन नामक संस्था के जरिए लोगों को नौकरी का झांसा देते थे और अलग-अलग पदों के लिए सिक्योरिटी मनी वसूलते थे। यह नेटवर्क सिमडेगा के विभिन्न प्रखंडों के अलावा झारखंड के अन्य जिलों और पड़ोसी छत्तीसगढ़ तक फैला था। बानो और कुरडेग थाना क्षेत्रों में शिकायत मिलने के बाद क्रमश: कांड संख्या 27/26 और 36/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया। पुलिस के अनुसार, स्टेट हेड के लिए तीन लाख, डिस्ट्रिक्ट हेड के लिए 1.50 लाख, ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर के लिए 60 हजार और सेंटर इंचार्ज के लिए 40 हजार रुपये लिए जाते थे। नियुक्ति के बाद स्टाइपेंड और वेतन देने का भी झांसा दिया जाता था। साथ ही भुगतान की राशि में 10 प्रतिशत पीएफ और ईएसआईसी चार्ज काटने की बात कही जाती थी। संस्था के नाम पर नारी पैड सेवा और बाल जननी शिक्षा अभियान जैसे कार्यों से लोगों को जोड़ा जाता था। लोगों को फंसाने के लिए व्हाट्सएप पर पोस्टर भेजे जाते थे।

आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क

बता दे कि जांच में यह भी सामने आया कि व्हाट्सऐप के जरिए कमीशन और प्रोत्साहन का लालच देकर अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। पुलिस का दावा है कि ठगी की रकम का इस्तेमाल निजी लाभ और संपत्ति खरीदने में किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साय, ओम प्रकाश, कुशल केरकेट्टा, सरोज केरकेट्टा, गौरती केरकेट्टा और कुन्दन शर्मा शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने छापेमारी में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।