देशराजस्थान

पति ने पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर हुआ फरार

पति ने पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर हुआ फरार

डिजिटल डेस्क , जयपुर। राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। गोविंद वाटिका स्थित एक मकान में महिला और उसकी तीन बेटियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने महिला के पति राहुल झा पर चारों की हत्या करने का आरोप बताया है।
मृतकों की पहचान गीता झा, उनकी बेटियां नंदनी करीब 23 वर्ष, राधिका 18 वर्ष और गौरी 14 वर्ष के रूप में हुई है। चारों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले।


पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात सोते समय सिर पर पत्थर या ईंट से वार कर किए जाने की आशंका है। घटनास्थल पर खून लगे कपड़ों को साफ करने के प्रयास के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला पत्थर भी बरामद किया है।


सुबह दूध लिया, पिता को चाय पिलाई और फरार


घटना के बाद आरोपी राहुल झा के व्यवहार को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7 बजे राहुल ने दूध वाले से दूध लिया और घर में मौजूद अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय पिलाई। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।करीब 10 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। करधनी थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।