देशलखनऊ

सीएम योगी के भरोसे ने बढ़ाया मनोबल, बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं अयोध्या की सोनम यादव

सीएम योगी के भरोसे ने बढ़ाया मनोबल, बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं अयोध्या की सोनम यादव

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत हो तो आर्थिक तंगी सपनों के आड़े नहीं आती। अयोध्या की बेटी सोनम यादव ने इसी योजना का लाभ लेकर यूपीपीसीएस-2024 में एसडीएम पद पर चयनित होकर यह कर दिखाया है। आज वह हजारों ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

अभ्युदय योजना से मिली दिशा

अयोध्या जिले के मवई ब्लॉक के हरिका पांडे का पुरवा, गड़ौरा गांव की रहने वाली सोनम यादव ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत फ्री कोचिंग, स्टडी मटेरियल और एक्सपर्ट गाइडेंस का लाभ लिया।

सोनम का कहना है, “प्रतियोगी परीक्षा में सिर्फ मेहनत नहीं, सही दिशा भी जरूरी है। अभ्युदय योजना ने मुझे वही दिशा दी। नियमित क्लास, एक्सपर्ट का मार्गदर्शन और पढ़ाई का माहौल मिला, जिसने मेरे आत्मविश्वास को मजबूत किया।”

अकादमी में ले रहीं प्रशासनिक प्रशिक्षण

चयन के बाद सोनम का जीवन अब बदल चुका है। वर्तमान में वह डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, लखनऊ में प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

ट्रेनिंग के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, राजस्व प्रशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता से संवाद जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

बेटियों को दिया संदेश

सोनम आज युवाओं को संदेश देती हैं कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। ग्रामीण बेटियों के लिए उनका खास संदेश है – “अपनी परिस्थितियों को अपने सपनों की सीमा मत बनने दो। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर दे रही हैं। एक एसडीएम के रूप में उनकी प्राथमिकता पारदर्शी और जन केंद्रित प्रशासन देना होगा ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।