देशकानपुर देहात

दैवीय आपदा से प्रभावित दो परिवारों की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने की मदद, चार-चार लाख की सौंपी चेक

दैवीय आपदा से प्रभावित दो परिवारों की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने की मदद, चार-चार लाख की सौंपी चेक

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात : राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत दैवीय आपदा से प्रभावित दो मृतकों के विधिक वारिसों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्राम भीखर निवासी पूरन सिंह पुत्र जंग बहादुर सिंह (44) की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी चंद्रकली को चार लाख रुपये की सहायता धनराशि प्रदान की गई। वहीं, ग्राम बैरी दरियाव निवासी शिव स्वरूप पुत्र सीता राम (87) की मृत्यु के बाद उनकी पुत्री साधना देवी को भी चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि दैवीय आपदा के कारण परिवार के सदस्य को खोने का दुख अत्यंत पीड़ादायक होता है। ऐसे कठिन समय में सरकार प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ सकती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक आपदा प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आपदा से प्रभावित पात्र परिवारों को नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके। जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता है कि पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं और सहायता का लाभ समय से पहुंचे।

राज्यमंत्री ने प्रशासन को आपदा प्रभावित लोगों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।