डिजिटल डेस्क, हमीरपुर: हमीरपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरवा गांव में कलयुगी बेटे ने अपनी 74 वर्षीय मां की ईंट से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी बेटे आनंदी यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि करीब 13 साल पहले आरोपी ने अपने भाई की भी हत्या डंडो से पीट कर की थी। मौके पर सीओ सदर यशपाल सिंह और एएसपी अरविंद कुमार वर्मा मौजूद रहे।
दरअसल, शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे सुमेरपुर पुलिस को चंद्रपुरवा गांव में 74 वर्षीय रामश्री की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा गया तो रामश्री आंगन में मृत अवस्था में पड़ी थीं और उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतका के बेटे आनंदी यादव ने ईंट से सिर पर प्रहार कर मां की हत्या की है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीओ सदर यशपाल सिंह और एएसपी अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पर करीब 13 साल पहले अपने भाई की हत्या करने का भी आरोप है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

