- स्वजन का आरोप- शिकायत करने पहुंचे तो आरोपी पक्ष ने की मारपीट
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : दनकौर कोतवाली क्षेत्र के लतीफपुर बांगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में छात्रों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे छात्र ने लकड़ी के डंडे से उसकी आंख पर प्रहार कर दिया। गंभीर हालत में छात्र को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
लतीफपुर खादर गांव निवासी रणजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा मोहित लतीफपुर बांगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल परिसर में ही मोहित का गांव के एक अन्य छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे छात्र ने लकड़ी के डंडे से मोहित की आंख पर हमला कर दिया। चोट लगने के बाद उसकी आंख से खून बहने लगा और हालत गंभीर हो गई।
हरियाणा के अस्पताल से एम्स किया रेफर
घटना के बाद स्वजन मोहित को उपचार के लिए हरियाणा के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली एम्स रेफर कर दिया। वर्तमान में मोहित का एम्स में उपचार चल रहा है।
आरोपी पक्ष पर मारपीट का भी आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत लेकर आरोपी छात्र के घर पहुंचे तो वहां उसके स्वजन ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद शनिवार शाम करीब सात बजे मोहित के पिता रणजीत ने दनकौर कोतवाली में आरोपी छात्र और उसके परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

