डिजिटल डेस्क, रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण की शुरुआत को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर ने पुलिस टीम के साथ रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग और गौरीकुंड तक पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, शटल व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों के साथ ही अस्थायी और शटल पार्किंग की व्यवस्थाओं को भी देखा।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
मानसून के दौरान बारिश के कारण यात्रा मार्ग के कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से प्रभावित हुई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने मार्ग की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

