डिजिटल डेस्क, श्रावस्ती। जिला मुख्यालय पर बिना अनुमति रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन करना एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और बसपा से निष्कासित नेता हाजी दद्दन खां समेत अन्य समर्थकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने शौकत अली और हाजी दद्दन खां समेत करीब 50 से 60 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि बीते दिन एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली अपने समर्थकों के साथ भिनगा कोतवाली क्षेत्र में रोड शो कर रहे थे। काफिले में बड़ी संख्या में वाहन और समर्थक शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, रोड शो के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने काफिले को रास्ते में रोक दिया और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
रोड शो के दौरान शौकत अली को रोककर पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक पूछताछ की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस भी हुई। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही राजनीतिक हलके में चर्चा तेज हो गई।
बताया गया कि हाल ही में बसपा और भाजपा से जुड़े कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एआइएमआइएम की सदस्यता ग्रहण की थी। इसी क्रम में बसपा से निष्कासित नेता हाजी दद्दन खां को समर्थकों की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ रोड शो निकाला गया था।
पुलिस ने बिना अनुमति शक्ति प्रदर्शन करने को लेकर कार्रवाई की है। मामले में शौकत अली, हाजी दद्दन खां समेत 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

