देशअयोध्या

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO चयन पर पूर्व IPS राजेश पांडे का दावा, बोले- इंटरव्यू में शामिल नहीं हुए थे जितेंद्र मिश्रा

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO चयन पर पूर्व IPS राजेश पांडे का दावा, बोले- इंटरव्यू में शामिल नहीं हुए थे जितेंद्र मिश्रा

डिजिटल डेस्क, अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन को लेकर पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि ट्रस्ट के CEO नियुक्त किए गए पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा चयन प्रक्रिया के दौरान आयोजित इंटरव्यू में शामिल ही नहीं हुए थे।

राजेश पांडे के मुताबिक, CEO पद के लिए कुल 16 आवेदकों को इंटरव्यू के लिए अयोध्या बुलाया गया था। निर्धारित दिन पैनल के सामने सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ, लेकिन जितेंद्र मिश्रा वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह इंटरव्यू में शामिल नहीं हुए तो उनका चयन किस प्रक्रिया के तहत हुआ, इसकी जानकारी ट्रस्ट ही दे सकता है।

पूर्व IPS अधिकारी ने दावा किया कि CEO पद के लिए निर्धारित योग्यताओं और मानकों को वह पूरा करते थे। उनका चयन लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन बाद में क्या बदलाव हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक सूचना या कम्युनिकेशन भी नहीं मिला।

राजेश पांडे ने कहा कि वह इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल हुए थे और CEO पद के लिए निर्धारित सभी योग्यताओं को पूरा करते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद चयन को लेकर फैसला बदल गया।

पूर्व IPS अधिकारी के इन दावों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के CEO चयन की प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, जितेंद्र मिश्रा के चयन और राजेश पांडे के दावों को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।