डिजिटल डेस्क, मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के रामपुर दोराहे पर स्थित आरएच इंटरनेशनल हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के अनुसार, फैक्टरी में आग लगने की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली थी। सूचना पर शुरुआत में चार दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। आग का फैलाव अधिक होने के कारण बाद में जनपद के साथ ही आसपास के रेंज से अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। फिलहाल 15 से अधिक अग्निशमन वाहन आग बुझाने में जुटे हैं।
फैक्टरी में लकड़ी का सामान, थिनर, पेंट समेत अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के दौरान ज्वलनशील पदार्थों के कारण एक-दो छोटे विस्फोट भी हुए। हालांकि, दमकल कर्मियों ने आग को चारों तरफ से घेरकर उसके फैलाव पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है।
आग पीछे स्थित दूसरी फैक्टरी तक न पहुंचे, इसके लिए वहां भी दो दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। फैक्टरी में मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सीएफओ ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में अभी करीब दो घंटे का समय और लग सकता है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने के साथ आसपास की फैक्टरियों को भी सुरक्षित रखने में जुटी हैं।

