अपराधसम्भल

संभल में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन महिलाओं की मौत, 12 घायल

संभल में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन महिलाओं की मौत, 12 घायल

डिजिटल डेस्क, संभल। संभल में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली का पिछला पहिया का एक्सल टूटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 18 लोग सवार थे। ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।