रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात। शिवली रसूलाबाद मार्ग पर नयापुरवा के करीब सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस दोनों बाइक चालकों को शिवली अस्पताल लेकर पहुंची यहां पर मौजूद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की जानकारी मिलती है उनके परिजनों के बीच कोहराम मच गया। दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और चीख पुकार मच गई। पुलिस ने घटना की सूचना दर्ज कर दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार की दोपहर रूरा थाना क्षेत्र के सिमरामऊ बनीपारा गांव निवासी दिवाकर सक्सेना पुत्र विजय कुमार अपनी पत्नी लक्ष्मी को छोड़ने के लिए उसके मायके शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव आया था। पत्नी को छोड़कर बाइक द्वारा वह वापस अपने गांव जा रहा था तभी रास्ते में शिवली रसूलाबाद मार्ग पर रूरा मोड़ व नयापुरवा गांव के बीच रसूलाबाद की तरफ से आ रही बाइक से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। उक्त बाइक तालिब सरांय उन्नाव निवासी राज पुत्र गुलाम रसूल चला रहा था। आमने-सामने अभी टक्कर में दोनों बाइकों के चालक दिवाकर सक्सेना 27 एवं राज 21 गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक चालकों को शिवली अस्पताल पहुंचाया जहां पर मौजूद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों बाइक चालकों के पास से निकले कागजों के आधार पर पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी कुछ ही देर बाद दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और हर तरफ चीख पुकार मच गई। राज के परिजनों ने बताया कि वह अपनी बहन गुलशन की ससुराल रसूलाबाद गया था वहीं से वापस आ रहा था। मृतक दिवाकर की मां शोभा देवी भाई विनय बहन पूजा एवं पत्नी लक्ष्मी एवं मृतक राज के रानू अयान एवं बहन गुलशन रोशन गुलब्जा एवं मां रेशमा बुरा हाल था। घटना के बाबत कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना दर्ज कर दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

