देशकानपुर

गंदगी में बन रहे थे समोसे और एग करी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन किचन से लिए 15 नमूने

गंदगी में बन रहे थे समोसे और एग करी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन किचन से लिए 15 नमूने

डिजिटल डेस्क, कानपुर नगर। जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रेल बाजार क्षेत्र के दो प्रतिष्ठानों और 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का निरीक्षण किया। इस दौरान गंभीर खामियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों का खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान 650 खराब अंडे, करीब 40 किलो एग करी, 418 तैयार समोसे और 250 पैक्ड प्लेट समेत बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

फेथफुलगंज, रेल बाजार स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर के निरीक्षण में मुख्य प्रवेश द्वार के पास सड़क किनारे समोसे तैयार किए जा रहे थे। निर्माण स्थल का फर्श टूटा हुआ था और उसमें पानी भरा था। टिन की दीवारों पर धूल व चिकनाई की मोटी परत जमा थी। किचन में एग्जॉस्ट फैन की भी व्यवस्था नहीं मिली। कर्मचारियों के पास स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर का इस्तेमाल भी नहीं कर रहे थे।

टीम ने यहां से खुला मैदा, पिसी लाल मिर्च, नमक, समोसे की तैयार सब्जी, सोयाबीन, खुला रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के सात नमूने लिए। साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिलने पर खाद्य कारोबार स्थगित करा दिया गया। मौके पर बिक्री के लिए रखे करीब 218 तैयार समोसे भी नष्ट कराए गए।

इसके बाद टीम ने शेरखान क्लाउड किचन का निरीक्षण किया। यहां पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने लिए गए। किचन की स्थिति अस्वच्छ मिलने पर खाद्य कारोबार तत्काल बंद करा दिया गया। मौके पर करीब 40 किलो एग करी (अनुमानित कीमत 4,800 रुपये) और 6,500 रुपये कीमत के 650 खराब अंडे नष्ट कराए गए। इसके अलावा एग करी और चावल की करीब 250 पैक्ड प्लेटें, जिनकी अनुमानित कीमत 12,500 रुपये थी, भी नष्ट कराई गईं।

वहीं रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी गंदगी मिली। टीम ने समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने लिए। मौके पर तैयार करीब 200 समोसे नष्ट कराए गए। प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ उनके निर्माण और भंडारण स्थल पर स्वच्छता के मानकों का पालन करना अनिवार्य है। गंभीर अस्वच्छता मिलने पर कारोबार बंद कराया गया है और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई है। मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।