अपराधफर्रुखाबाद

तीन चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

तीन चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

सत्यम कटियार, संवाददाता, फर्रुखाबाद।
एसओजी टीम और थाना शमसाबाद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बाइक के चोरी होने का मुकदमा गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-63 थाने में दर्ज है।

पुलिस लाइन सभागार फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लेखराज पुत्र छोटेलाल निवासी अफतियापुर, थाना जलालाबाद, शाहजहांपुर, हाल पता लौकहा, थाना पाली, हरदोई और हरिओम पुत्र हरिपाल सिंह निवासी बेला बरई, थाना शमसाबाद, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।

एएसपी के मुताबिक, 14 सितंबर को अनुराग शुक्ला पुत्र उपेंद्र शुक्ला निवासी मोहल्ला मूलचंद्र, थाना शमसाबाद ने बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में थाना शमसाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें दो संदिग्ध बाइक चोरी करते दिखाई दिए थे।

मामले के पर्दाफाश के लिए क्षेत्राधिकारी कायमगंज के नेतृत्व में एसओजी और थाना शमसाबाद पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर नंबर यूपी 76 ए क्यू 4134, हीरो स्प्लेंडर प्लस नंबर यूपी 82 ए जेड 4147 और हीरो स्प्लेंडर प्लस, इंजन नंबर HA10AGHHFB9870 शामिल हैं। पुलिस के अनुसार एक बाइक के संबंध में गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-63 थाने में भी मुकदमा दर्ज है, जबकि तीसरी बाइक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

शौक और खर्च के लिए करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अपने खर्च और शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार लेखराज के खिलाफ थाना पाली, हरदोई में मुकदमा संख्या 308/24, थाना शमसाबाद में 174/26 और थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्ध नगर में 162/26 दर्ज है। वहीं हरिओम के खिलाफ थाना शमसाबाद में 174/26 और थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्ध नगर में 162/26 के मुकदमे दर्ज हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि बरामद तीनों मोटरसाइकिलों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस टीम यह भी पता लगा रही है कि आरोपितों ने अन्य स्थानों से कितनी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं।