अपराधकानपुर देहात

आवारा सांड ने किसान पर हमला कर किया घायल

आवारा सांड ने किसान पर हमला कर किया घायल
  • शिवली कस्बे के बाजार में खरीदारी करने आया था किसान, लोगों ने किसी तरह सांड को भगाकर बचाई जान

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता, कानपुर देहात : सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश राहगीरों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। आए दिन इनके हमले में लोग घायल हो रहे हैं। सोमवार शाम शिवली कस्बे के बाजार में खरीदारी करने आए एक किसान पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने किसान को सींगों से उठाकर सड़क पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को भगाकर किसान की जान बचाई।

हीरामन शिवली ग्राम पंचायत के मजरा केशरी नेवादा गांव निवासी किसान नाहर सिंह यादव पुत्र इंद्रपाल सिंह सोमवार शाम शिवली कस्बे में सब्जी और घरेलू सामान खरीदने आया था। खरीदारी करने के बाद वह बाजार गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए आवारा सांड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। सांड ने किसान को उठाकर सड़क पर पटक दिया। सिर के बल गिरने से नाहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अचानक हुए हमले से बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत जुटाकर सांड को भगाया और किसान को उसके चंगुल से छुड़ाया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान के परिजन मौके पर पहुंचे और घायल नाहर सिंह को उपचार के लिए कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवली कस्बे की सड़कों और बाजार में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इनके हमले में पहले भी कई राहगीर घायल हो चुके हैं। लोगों ने जिम्मेदार विभाग से आवारा गोवंश को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।