देशदिल्ली

DU में महिला सुरक्षा की पड़ताल करने देर रात कैंपस पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

DU में महिला सुरक्षा की पड़ताल करने देर रात कैंपस पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
  • छात्राओं के साथ नार्थ कैंपस में घूमकर परखी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी और डार्क स्पाट का लिया जायजा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय के नार्थ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार देर रात औचक दौरा किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के साथ कैंपस के विभिन्न हिस्सों में पैदल घूमकर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी सक्रियता और कैंपस में मौजूद डार्क स्पाट की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद कर यह जानने की कोशिश की कि कैंपस में उन्हें किन स्थानों पर सुरक्षा को लेकर परेशानी होती है। छात्राओं ने भी सुरक्षा से जुड़ी अपनी समस्याएं और अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। उन्होंने छात्राओं की बातों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनमें से कितने कैमरे सक्रिय हैं, इसकी भी जानकारी ली। इसके अलावा ऐसे स्थानों को चिह्नित करने पर जोर दिया गया, जहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण छात्राओं को असुरक्षित महसूस होता है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और डार्क स्पाट समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।