राजनीतिलखनऊ

इमरान मसूद के दामाद शयान मसूद ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, सपा का थामा दामन—बोले, सपा पर ज्यादा हमला करते हैं, BJP के खिलाफ कम बोलते हैं

इमरान मसूद के दामाद शयान मसूद ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, सपा का थामा दामन—बोले, सपा पर ज्यादा हमला करते हैं, BJP के खिलाफ कम बोलते हैं

डिजिटल डेस्क, सहारनपुर: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शयान मसूद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। सपा में शामिल होने के बाद शयान मसूद ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में मुकाबला सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच होना चाहिए। शयान मसूद ने कांग्रेस और इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का अपना कोई व्यक्तिगत राजनीतिक वजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पिछला प्रदर्शन गठबंधन की वजह से रहा है।

इमरान मसूद को लेकर शयान मसूद ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी पर ज्यादा हमला करते हैं और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कम बोलते हैं। शयान मसूद ने कहा कि अगर लड़ाई भाजपा से है तो मुकाबला भी आमने-सामने होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से है और देश के मौजूदा हालात को देखते हुए भाजपा को उत्तर प्रदेश में किसी भी कीमत पर रोकना जरूरी है। किसान, नौजवान और गरीब परेशान हैं, इसलिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्होंने अखिलेश यादव का साथ चुना है।

2027 में खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर शयान मसूद ने कहा कि इस समय यह मायने नहीं रखता कि शयान मसूद चुनाव लड़ेंगे या नहीं। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि किसी भी हालत में भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में रोका जाए। अखिलेश यादव से मुलाकात और टिकट की दावेदारी के सवाल पर शयान मसूद ने कहा कि वह बिना किसी शर्त के अखिलेश यादव से मिले हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनते देखना है और वह उनके लिए मजबूती से संघर्ष करेंगे। शयान मसूद ने कहा कि वह और उनके तमाम साथी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेंगे और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे।