डिजिटल डेस्क, कन्नौज :आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे के बाद ऐसा राज सामने आया, जिसने पुलिस और राजकर विभाग को भी हैरान कर दिया।कांवड़ यात्रा ड्यूटी से लौट रही सकरावा थाने की सरकारी गाड़ी को एक Brezza कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार की तलाशी ली गई तो काले रंग के बैग में 10 सोने के बिस्किट मिले।
जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त को करीब 1:30 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 172 पर थाना सकरावा की सरकारी गाड़ी संख्या UP74G0210 कन्नौज से कांवड़ यात्रा ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान Brezza कार संख्या UP56 BC2576 ने पुलिस की गाड़ी में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस की गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई और क्षतिग्रस्त हो गई।मौके पर पहुंची PRV-9143 ने Brezza की जांच की। कार में दो लोग सवार थे और उनके पास एक काले रंग का बैग था। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें पीली धातु के 10 बिस्किट बरामद हुए। सभी बिस्किटों पर अलग-अलग वजन अंकित था। कार्रवाई की मौके पर वीडियोग्राफी भी कराई गई।कार सवारों की पहचान संदीप जायसवाल (29), निवासी ठूठीबारी, महाराजगंज और सरोज पंथ (33), निवासी पाल्पा, नेपाल के रूप में बताई गई है।
मामले की सूचना तत्काल जीएसटी सचल दल को दी गई। राजकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सोने के बिस्किटों को सुपुर्दगी में लिया। विभाग के अनुसार, पंजीकृत सर्राफा व्यापारी से कराए गए आकलन में बरामद 10 बिस्किटों की कुल कीमत करीब 15 करोड़ 36 लाख रुपये बताई गई। जांच में इन्हें 24 कैरेट शुद्ध सोना बताया गया है।फिलहाल सोने के 10 बिस्किट, काला बैग और दोनों व्यक्तियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए राजकर अधिकारियों के सुपुर्द किया गया है। आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। अगर Brezza पुलिस की गाड़ी से टकराती नहीं, तो शायद काले बैग में छिपे 15.36 करोड़ के सोने का यह राज इतनी जल्दी सामने नहीं आता।

