देश

भुवनेश्वर में गूंजा भारत का दम, वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर में रोहित यादव ने रचा इतिहास

भुवनेश्वर में गूंजा भारत का दम, वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर में रोहित यादव ने रचा इतिहास

रवि शर्मा , स्पोर्ट्स डेस्क : ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 22 अगस्त को आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर 2026 का सफल समापन हुआ। यह पहली बार था जब भारत ने इस स्तर के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स आयोजन की मेजबानी की। प्रतियोगिता में 27 देशों के करीब 180 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कई विश्व स्तरीय एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद खास रही। पुरुष भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) स्पर्धा में भारत के रोहित यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 87.68 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रोहित ने अंतिम प्रयासों में शानदार वापसी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत के ही यशवीर सिंह 82.94 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। यह प्रतियोगिता आगामी एशियाई खेलों 2026 की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आयोजन में दुनिया के कई शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिला।

प्रतियोगिता के बाद एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व महासचिव डॉ. ललित कुमार भनोट ने कहा कि इस आयोजन ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत बड़े अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स टूर्नामेंटों की सफल मेजबानी करने में सक्षम है। उन्होंने ओडिशा सरकार और आयोजन समिति की भी सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेंगे।