अपराधलखनऊ

लखनऊ : CBN की बड़ी कार्रवाई, 18.64 किलो कच्ची हेरोइन बरामद

लखनऊ : CBN की बड़ी कार्रवाई, 18.64 किलो कच्ची हेरोइन बरामद
  • ऑपरेशन ब्लैक हॉक में अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ के पास लगातार दो अभियानों में 18.64 किलो कच्ची हेरोइन बरामद की है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि CBN ने दोनों कार्रवाई को ऑपरेशन ब्लैक हॉक के तहत अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि बरामद कच्ची हेरोइन पूर्वोत्तर राज्य से उत्तर प्रदेश लाई जा रही थी। तस्करों ने नशीले पदार्थ को छिपाने के लिए वाहनों में विशेष रूप से गुप्त कैविटी तैयार कर रखी थी। CBN अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रहा है। जांच एजेंसियां पूर्वोत्तर राज्यों में मौजूद कथित सप्लायरों से लेकर उत्तर प्रदेश में ड्रग्स की सप्लाई और वितरण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके संचालन के तरीके का पता लगाने पर है।

फ्यूल टैंक में बना रखा था गुप्त चैंबर

पहली कार्रवाई में CBN की टीम ने लखनऊ के पास असम नंबर की हुंडई क्रेटा को रोका। शुरुआती तलाशी में कार खाली मिली और उसमें सवार आरोपियों ने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया। हालांकि, पूछताछ में करीब 500 किलोमीटर के सफर के दौरान चार बार ईंधन भरवाने की बात सामने आने पर अधिकारियों को वाहन के फ्यूल टैंक पर संदेह हुआ। जांच के दौरान फ्यूल टैंक के अंदर विशेष रूप से बनाई गई एक गुप्त कैविटी मिली। इसमें 25 वाटरप्रूफ पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पैकेटों से कुल 16.46 किलो कच्ची हेरोइन बरामद हुई। मामले में कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रक के गुप्त चैंबर से मिली 2.16 किलो हेरोइन

दूसरी कार्रवाई में CBN टीम ने बाराबंकी के पास एक भारी वाणिज्यिक ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक की बॉडी में बनाए गए गुप्त चैंबर का पता चला। चैंबर से 2.16 किलो कच्ची हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। CBN ने दोनों वाहनों और बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है।