वैष्णवे ने सीजे वियतनाम ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता रजत

ग्रेटर नोएडा : वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर में आयोजित हुई सीजे वियतनाम ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के छिजारसी निवासी वैष्णवे ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला अंडर-19 में प्रतिभाग करते हुए वैष्णवे ने रजत पदक जीता।यह प्रतियोगिता विश्व ताइक्वांडो जी-एक रैंकिंग प्रतियोगिता है। इसमें अर्जित अंक खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग और लास एंजिल्स 2028 ओलंपिक क्वालीफिकेशन अभियान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वर्तमान में वैष्णवे की विश्व रैंकिंग 36 वीं है, और इस पदक से उनकी रैंकिंग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के करीब 1200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। वैष्णवे के कोच आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि वर्ष 2028 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की विश्व रैंकिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेना और बेहतर प्रदर्शन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वैष्णवे वर्तमान में 121 स्थित फिटस्टन इंडिया अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के सचिव सुमित चक्रवर्ती ने वैष्णवे को बधाई देते हुए भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन किया है। आगे भी उनकी यह कोशिश जारी रही तो और बड़ा कर दिखाएंगी।