देशदिल्ली

पीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नाबालिग एक बार फिर आई चर्चा में, नया वीडियो वायरल

पीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नाबालिग एक बार फिर आई चर्चा में, नया वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में चर्चा में आई नाबालिग का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नाबालिग अपनी जिंदगी प्रभावित होने की बात कहते हुए प्रधानमंत्री के प्रति नाराजगी जताती दिखाई दे रही है। हालांकि, ASK News India इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो को लेकर नोएडा सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग सोसायटी के लोगों का कहना है कि घटना के बाद से नाबालिग और उसकी मां सोसायटी में वापस नहीं आई हैं। लोगों के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा नया वीडियो भी सोसायटी परिसर का नहीं है। वहीं, एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने नाबालिग के सोसायटी में मौजूद होने से इन्कार किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के फरीदाबाद में होने की जानकारी मिली है।

39 सेकेंड का वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल करीब 39 सेकेंड के वीडियो में नाबालिग अपनी जिंदगी मुश्किल होने और अपनी स्वतंत्रता प्रभावित होने की बात कहती दिखाई दे रही है। वीडियो में वह यह भी कहती है कि उसे अपनी पहचान छिपाकर रहना पड़ रहा है। इस दौरान उसने प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया है।

वीडियो की सत्यता और उसके रिकॉर्ड किए जाने के स्थान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रदर्शन के वीडियो के बाद दर्ज हुआ था मामला

इससे पहले दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें नाबालिग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती नजर आई थी। मामले में गाजियाबाद निवासी सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह ने 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में नाबालिग और उसकी मां ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री से माफी भी मांगी थी।