देशगौतम बुद्ध नगर

GNO प्राधिकरण : बृहस्पतिवार की बोर्ड बैठक में कई बड़ी परियोजनाओं पर लग सकती है मुहर

GNO प्राधिकरण : बृहस्पतिवार की बोर्ड बैठक में कई बड़ी परियोजनाओं पर लग सकती है मुहर

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को सभागार में होगी। बैठक में किसानों के मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। साथ ही शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी मुहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों को मिलने वाले मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी को भी अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। इस प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद नए अधिग्रहण में किसानों को अधिक लाभ मिलेगा और आबादी भूखंडों से जुड़े विवाद भी कम होंगे। बैठक के एजेंडे में सबसे प्रमुख प्रस्ताव तिलपता गोलचक्कर से दादरी कंटेनर डिपो तक एलिवेटेड रोड बनाने का है। इस रोड के बनने से सूरजपुर, दादरी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और कंटेनर डिपो तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी। शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। फ्लाईओवर से एक ही स्ट्रक्चर में दो लेवल पर यातायात संचालित हो सकेगा, जिससे व्यस्त चौराहों पर जाम की स्थिति में सुधार होगा। साथ ही प्राधिकरण की अन्य विकास परियोजनाओं, बजट और नई आवासीय योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।