देशगौतम बुद्ध नगर

वर्षा के बीच किसानों ने घोड़ी-बछेड़ा से चार प्रतिशत भूखंड की मांग को लेकर प्राधिकरण तक किया कूच, एक की बिगड़ी तबीयत

वर्षा के बीच किसानों ने घोड़ी-बछेड़ा से चार प्रतिशत भूखंड की मांग को लेकर प्राधिकरण तक किया कूच, एक की बिगड़ी तबीयत

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : तेज वर्षा के बावजूद धरने पर बैठे किसानों का हौसला नहीं टूटा। वर्षा में भीगने से एक किसान की तबीयत बिगड़ गई, जिसे एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। चार प्रतिशत भूखंड से वंचित किसान घोड़ी-बछेड़ा गांव से सैकड़ों की संख्या में वर्षा में भीगते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया।

बता दें कि प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या भी काफी रही। किसान सुबह 10 बजे प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने वाले थे, लेकिन तेज वर्षा के कारण विलंब से पहुंचे। इसके बावजूद वर्षा के बीच ही उन्होंने प्राधिकरण के गेट पर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि 4 प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ उन्हें आज तक नहीं मिला है। कई बार आश्वासन के बावजूद प्राधिकरण ने उनकी सुनवाई नहीं की। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब बहुत हो चुका धरना-प्रदर्शन। प्राधिकरण को सितंबर तक का समय दिया जा रहा है। यदि सितंबर तक 4 प्रतिशत भूखंड का लाभ नहीं दिया गया तो अक्टूबर किसानों का होगा। किसान उग्र आंदोलन करेंगे और दशहरा व दीपावली जैसे त्योहारों पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। दमकल की गाड़ियां भी मौके पर खड़ी की गई थीं। अधिकारियों ने किसानों को समझा कर ज्ञापन लेकर उनकी मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है।