देशलखनऊ

STF ने किया इंटरस्टेट तस्करी गिरोह का खुलासा, 3 करोड़ की कोडीन कफ सिरप बरामद

STF ने किया इंटरस्टेट तस्करी गिरोह का खुलासा, 3 करोड़ की कोडीन कफ सिरप बरामद

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अवैध कोडीन कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक इंटरस्टेट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की 250 पेटी ONEREX कोडीन कफ सिरप बरामद की है। कार्रवाई बांदा में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांदा निवासी धीरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार उर्फ लकी, रोहित पांडे और हापुड़ निवासी शेखर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से सिरप के अलावा एक डीसीएम, टाटा नेक्सॉन कार, 53 हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

दिल्ली-हरियाणा से बिहार तक फैला था नेटवर्क :

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एक गिरोह दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से अवैध कोडीन कफ सिरप की तस्करी कर रहा है। तस्करी के जरिए सिरप को बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया।

फर्जी बिल बनाकर करते थे तस्करी :

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी नई दिल्ली निवासी प्रियांशु गुप्ता से कफ सिरप लेते थे। इसके बाद बांदा, चित्रकूट और मध्य प्रदेश के मेडिकल स्टोर के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बिल तैयार कराए जाते थे। आरोप है कि तस्करी के दौरान रास्ते में जांच होने पर आरोपी इन्हीं फर्जी बिलों को दिखाकर सिरप को वैध दवा बताने का प्रयास करते थे। इस तरह गिरोह लंबे समय से अवैध कफ सिरप की खेप को अलग-अलग राज्यों में पहुंचा रहा था।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश :

एसटीएफ अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध सिरप की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।