देशदिल्ली

‘ऑपरेशन विश्वास’ से मजबूत हो रहा जनता का भरोसा, आठ माह में 1,920 मोबाइल बरामद

‘ऑपरेशन विश्वास’ से मजबूत हो रहा जनता का भरोसा, आठ माह में 1,920 मोबाइल बरामद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की नागरिक-केंद्रित पहल ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी स्नेचिंग सेल ने जुलाई और अगस्त 2026 में 702 मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं, वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में कुल 1,920 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा रहे हैं। जुलाई-अगस्त में बरामद 702 मोबाइल फोन में से 534 फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए। मोबाइल वापस मिलने से नागरिकों को राहत मिली और दिल्ली पुलिस के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ।

तकनीकी निगरानी से मोबाइल फोन की तलाश

मोबाइल फोन बरामद करने के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग, फील्ड वेरिफिकेशन और समन्वित जांच का सहारा लिया। लगातार तकनीकी विश्लेषण और जमीनी स्तर पर कार्रवाई के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया।

विशेष टीम ने चलाया अभियान

दक्षिण-पश्चिम जिले की एंटी स्नेचिंग सेल की विशेष टीम ने इंस्पेक्टर हरी सिंह, प्रभारी एंटी स्नेचिंग सेल के नेतृत्व में अभियान चलाया। टीम एसीपी/ऑप्स दक्षिण-पश्चिम जिला संदीप घई की देखरेख में काम कर रही थी। टीम में एएसआई होशियार सिंह, एएसआई वीरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल कृष्ण और कांस्टेबल बलबीर शामिल रहे।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस के मुताबिक, ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत अन्य गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को भी ट्रेस करने और उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं। आधुनिक तकनीक और डिजिटल ट्रैकिंग के माध्यम से चलाया जा रहा यह अभियान नागरिकों की शिकायतों के प्रभावी निवारण और पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।