डिजिटल डेस्क, मिर्जापुर : अहरौरा क्षेत्र के भगौती देई स्थित एक क्रशर प्लांट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मशीन का भारी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिरने से आराम कक्ष की दीवार ढह गई। कमरे में आराम कर रहे चार मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि हादसा पिंटू सिंह पटेल के क्रशर प्लांट में हुआ। मशीन का भारी हिस्सा टूटकर गिरने से कमरे की दीवार भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे में घायल मजदूरों को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही चारों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ गायत्री यादव ने भी मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। अधिकारियों की निगरानी में घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
बंद प्लांट में आराम कर रहे थे मजदूर
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिस क्रशर प्लांट में हादसा हुआ, वह बंद था। उसके बगल वाले प्लांट में काम करने वाले मजदूर यहां आराम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का भारी हिस्सा टूटकर गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर प्लांट मालिक या अन्य कर्मचारियों के मौजूद नहीं होने की बात भी सामने आई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्लांट में मजदूरों की मौजूदगी और हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
जांच के आदेश
जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस और एसडीएम स्तर से पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि बंद प्लांट में मजदूरों के आराम करने की स्थिति कैसे बनी और मशीन का भारी हिस्सा किस कारण से टूटकर गिरा।

