डिजिटल डेस्क, सिंभावली : एनएच-9 पर वैठ मोड़ चौकी के ऊपर फ्लाईओवर पर रविवार रात ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से ओला कैब घुस गई। हादसे में कैब सवार 59 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी बेटी और कैब चालक को मामूली चोटें आईं। गंभीर हालत में महिला को हापुड़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जिले के थाना ओरछा क्षेत्र के गांव गढ़ी छतरी निवासी अमित पुत्र सतीश ओला कैब चलाते हैं। वह बरेली और वर्तमान में नोएडा सेक्टर-27 निवासी बीना पत्नी अमरनाथ को उनकी बेटी सौम्या के साथ दवाई दिलाने बरेली गए थे। दवाई लेने के बाद तीनों कैब से नोएडा लौट रहे थे।
रविवार रात कैब जैसे ही सिंभावली क्षेत्र में वैठ मोड़ के ऊपर फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कैब अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर में बीना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चालक अमित और उनकी बेटी सौम्या को मामूली चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बीना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हापुड़ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कैब को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से कैब की टक्कर में महिला की मौत हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

