डिजिटल डेस्क , लखनऊ : विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर नई पहल की है। समाजवादी छात्र सभा के लिए नया यूनिफॉर्म ड्रेस कोड लागू किया गया है। अब आधिकारिक कार्यक्रमों में छात्र सभा के कार्यकर्ता नीली जींस और नीली टी-शर्ट में नजर आएंगे।
बताया गया है कि टी-शर्ट पर समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह अंकित होगा। पार्टी के इस कदम को आगामी चुनाव में सामाजिक समीकरण साधने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी की पहचान लंबे समय से लाल टोपी से जुड़ी रही है। ऐसे में लाल टोपी के साथ नीले रंग का संयोजन पीडीए गठजोड़ के व्यापक संदेश और सामाजिक प्रतिनिधित्व के प्रतीक के तौर पर पेश किए जाने की चर्चा है।
नई ड्रेस कोड को लेकर समाजवादी पार्टी मुख्यालय में छात्र सभा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छात्र सभा के कार्यकर्ताओं के नए यूनिफॉर्म में शामिल होने और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

