डिजिटल डेस्क, लखनऊ : प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मुंबई जोनल कार्यालय ने साइप्रस स्थित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म Parimatch से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पांच राज्यों में 17 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और उत्तर प्रदेश में की गई।
ED की जांच के मुताबिक, प्लेटफॉर्म से जुड़े नेटवर्क ने एक साल में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई। जांच में कथित तौर पर म्यूल और फर्जी मर्चेंट खातों के जरिए रकम को अलग-अलग वित्तीय चैनलों में घुमाने के साक्ष्य सामने आए हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, रकम की आवाजाही में CMS/DMT एजेंट, हवाला चैनल और क्रिप्टो माध्यमों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। एजेंसी ने टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के खातों से करीब 200 करोड़ रुपये की रूटिंग और कथित फर्जी ODI लेनदेन के जरिए करीब 500 करोड़ रुपये विदेश भेजे जाने की भी जांच की है।
तलाशी के दौरान ED ने करीब 2.11 करोड़ रुपये की चल संपत्ति जब्त की, जिसमें 61 लाख रुपये नकद और एक किलोग्राम सोने की बार शामिल है। इसके अलावा करीब 37 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस फ्रीज किए गए हैं।
ED के मुताबिक, इस मामले में अब तक जब्त या फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 150 करोड़ रुपये हो गया है। जांच अभी जारी है।

