- तीन-स्टार इंटरनेशनल रेफरी बनने वाली देश की पहली महिला, कुराश में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद : जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स-2026 में गाजियाबाद की मंजू नयाल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। गुरुकुल द स्कूल के स्पोर्ट्स एजुकेशन विभाग की कोआर्डिनेटर और कुराश प्रशिक्षक मंजू नयाल को कुराश स्पर्धा में इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल (रेफरी) की जिम्मेदारी मिली है। खास बात यह है कि वह तीन-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल करने वाली देश की पहली महिला हैं।
एशियन गेम्स का उद्घाटन 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में होगा। कुराश स्पर्धा में तकनीकी अधिकारी के तौर पर जिम्मेदारी संभालने के लिए मंजू 21 सितंबर को भारत से रवाना होंगी और 22 सितंबर को जापान पहुंचेंगी। प्रतियोगिता से जुड़ी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद एक अक्टूबर को जापान से रवाना होकर दो अक्टूबर को भारत लौटेंगी।
बेटियों के लिए बनेंगी प्रेरणा
मंजू की उपलब्धि से गुरुकुल द स्कूल के साथ गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन होगा। स्कूल के निदेशक सचिन वत्स और प्रधानाचार्य गौरव बेदी ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि मंजू की सफलता बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।
मंजू नयाल ने अपनी सफलता का श्रेय द इंडिया कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एशियन गेम्स के टेक्निकल डायरेक्टर रवि कपूर और संस्था के सचिव विक्रांत कुमार को दिया। उन्होंने बताया कि दोनों ने उन्हें लगातार सहयोग और प्रोत्साहन दिया। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी हर कदम पर समर्थन मिला।
2010 से शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय सफर
मंजू नयाल का अंतरराष्ट्रीय कुराश से जुड़ाव वर्ष 2010 से है। वह जूनियर वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप की आयोजन समिति का हिस्सा रह चुकी हैं। वर्ष 2015 में चीनी ताइपे में आयोजित जूनियर एशियन कुराश चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कोच के रूप में प्रतिनिधित्व किया।
वर्ष 2024 में बी-लाइसेंस कोच बनने के साथ उन्होंने एक-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल किया। इसी वर्ष कजाकिस्तान के नोमेड गेम्स और रूस के चिल्ड्रेन ऑफ एशिया गेम्स में रेफरी की भूमिका निभाई। वर्ष 2025 में बहरीन में आयोजित तीसरे एशियन यूथ गेम्स में रेफरी की जिम्मेदारी संभाली और इसी वर्ष दो-स्टार इंटरनेशनल रेफरी बनीं।
वर्ष 2026 में मंजू ने तीन-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल कर इतिहास रचा। अब एशियन गेम्स में तकनीकी अधिकारी के तौर पर उनकी जिम्मेदारी उनके अंतरराष्ट्रीय सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ने जा रही है।

