- सूत्रों का दावा- पुतिन का विमान नोएडा एयरपोर्ट पर उतर सकता है; कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के विमानों को भी यहां संभालने की तैयारी
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी तैयारियां तेज होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विमान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतर सकता है। हालांकि, पुतिन के विमान की नोएडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले कुछ राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के विमानों के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई एयरपोर्ट को इस्तेमाल करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और शिखर सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही पुतिन के भारत आने की पुष्टि कर चुके हैं।
पहली बार विदेशी VVIP विमानों की संभावित आवाजाही
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन अभी शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में यदि विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के विशेष विमान यहां उतरते हैं तो यह एयरपोर्ट के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा। सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट पर VVIP विमानों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस बीच दिल्ली के पालम और नोएडा एयरपोर्ट को विशेष विमानों के संचालन के लिए इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार BRICS सम्मेलन के दौरान करीब 35 विशेष विमान आने की उम्मीद है और लगभग 12 राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, 4 सितंबर से विशेष विमानों का आना शुरू हो गया है और दो रूसी IL-76 विमान दिल्ली में उतर चुके हैं।
पुतिन की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है, जिसमें रक्षा, ऊर्जा और आर्थिक सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
हालांकि नोएडा एयरपोर्ट पर पुतिन या अन्य राष्ट्राध्यक्षों के विमान उतरने की अंतिम पुष्टि संबंधित सुरक्षा एवं विमानन एजेंसियों की आधिकारिक सूचना के बाद ही होगी।

