- कक्षा सात की छात्रा ने युवक पर रास्ते में परेशान करने का लगाया आरोप
- पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
- बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में जताया आक्रोश
डिजिटल डेस्क, हापुड़। सिंभावली में स्कूल जाते समय कक्षा सात की छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर धमकी देने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने पड़ोस के गांव के एक युवक पर आरोप लगाते हुए सिंभावली थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता के अनुसार उनकी 12 वर्षीय बेटी रतुपुरा गांव स्थित स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। आरोप है कि पिछले दो दिनों से एक युवक स्कूल जाते समय रास्ते में किशोरी को परेशान कर रहा था। किशोरी ने स्वजन को बताया कि युवक ने उसका हाथ पकड़कर अभद्र व्यवहार किया और शिकायत करने पर धमकी दी।
शनिवार को पिता अपनी बेटी के साथ स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान आरोपित युवक रास्ते में दिखाई दिया, लेकिन पिता को देखकर वहां से चला गया। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि युवक के खिलाफ पूर्व में थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी से छेड़छाड़ के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे कार्यकर्ता
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। जिला संयोजक राहुल बजरंगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी।

