- मां के प्रेम संबंध का बेटे ने किया विरोध, गला दबाकर हत्या का आरोप; पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
डिजिटल डेस्क, कानपुर : महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी गांव में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। किशोर के स्वजन ने उसकी मां और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच के साथ फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।
बताया गया कि किशोर के पिता गुजरात की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और घर पर उनकी पत्नी तीन बेटों के साथ रहती थी। आरोप है कि महिला का गांव के ही एक युवक से संबंध था। गुरुवार रात युवक महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला का 14 वर्षीय बेटा अपने छोटे भाई के साथ कमरे में पहुंच गया। आरोप है कि किशोर ने मां और युवक का विरोध किया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।
परिजनों के अनुसार, इसके बाद किशोर की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए पेट दर्द से मौत होने की बात बताई गई। हालांकि, ग्रामीणों को किशोर के चेहरे और गले पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम में गला दबाने की पुष्टि
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आगे की जांच के लिए अन्य साक्ष्य भी सुरक्षित किए हैं।
आरोपित युवक फरार
घटना के बाद महिला का कथित प्रेमी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, किशोर के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

