देशकानपुर

दहशत का तांडव: जाजमऊ में गांजा तस्करी के विरोध पर दबंगों की फायरिंग, पुलिस टीम पर भी झोंका फायर; 2 गिरफ्तार

दहशत का तांडव: जाजमऊ में गांजा तस्करी के विरोध पर दबंगों की फायरिंग, पुलिस टीम पर भी झोंका फायर; 2 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क , कानपुर। शहर के जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित मक्कू सईद के भट्ठे के पास शनिवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आरोपियों पर न सिर्फ स्थानीय निवासी पर गोलियां चलाने बल्कि सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

गांजा बेचने के विरोध में शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महफूज़ और उनके भाई एलएलबी छात्र अरमान ने क्षेत्र में पनप रहे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का विरोध किया था। अरमान का आरोप है कि आरोपी क्षेत्र में धड़ल्ले से गांजा बेचकर युवा पीढ़ी को गर्त में धकेल रहे हैं। शनिवार रात जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी रंजिश रखने लगे।

दो बार किया हमला, दादी के विरोध पर 8 राउंड फायर

शनिवार रात आरोपी शराफ़त अली उर्फ ‘शूटिंग’, सोनू, राहुल और छोटू अपने 3 अज्ञात साथियों के साथ अरमान के घर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए एक राउंड फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए।

इसके बाद रात करीब 3 बजे दबंग दोबारा लामबंद होकर आए और घर के बाहर गालियां बकने लगे। जब अरमान की दादी सुबरा ने छत से इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने ताबड़तोड़ 7 से 8 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

पुलिस टीम पर भी दागीं गोलियां, 2 आरोपी दबोचे गए

घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी और उग्र हो गए तथा पुलिस टीम पर निशाना साधकर 3 से 4 राउंड फायर कर दिए। इस हमले में कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।

जान जोखिम में डालकर जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया और मौके से दो मुख्य आरोपियों—शराफ़त उर्फ शूटिंग और सोनू—को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध असलहा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं राहुल, छोटू और उनके अज्ञात साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सहायक पुलिस आयुक्त छावनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 4 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज (FIR) कर ली गई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों शराफ़त और सोनू को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।